Advertisement

गंगा की सफाई और पर्यावरण संरक्षण के काम समय पर पूरे कराएं: डीएम महेंद्र सिंह तंवर

कानपुर में नाला टैपिंग और एसटीपी निर्माण की समीक्षा, काम शुरू न होने पर जताई नाराजगी

कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला गंगा समिति और जिला पर्यावरण समिति की बैठक की। बैठक में गंगा की सफाई, नालों को टैप करने, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने, घाटों के विकास और वृक्षारोपण जैसे कामों की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काम तय समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

बैठक में डीएम ने 14 नालों के पानी को गंगा में जाने से रोकने और उसे दूसरी तरफ डायवर्ट करने के साथ एसटीपी निर्माण कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने कहा कि नाला टैपिंग और एसटीपी से जुड़े कामों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि गंगा को साफ रखने में मदद मिल सके।

सीटीआई नहर पर सीढ़ियां, घाट और स्टील की जाली लगाने का काम अब तक शुरू नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को तुरंत काम शुरू कराने और हर दिन इसकी प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण इलाकों में नालों के प्रबंधन और वेटलैंड बनाने के काम की भी समीक्षा की गई। डीएम ने पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए कि सभी काम तय मानकों के अनुसार कराए जाएं और उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

वहीं, जिले में हुए वृक्षारोपण की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित विभागों को पौधरोपण स्थलों की जियो-टैगिंग कराने और थर्ड पार्टी से जांच करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि यह भी जांचा जाए कि लगाए गए पौधे सुरक्षित हैं या नहीं और उनकी देखभाल ठीक से हो रही है या नहीं।

जाजमऊ स्थित 130 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी परिसर में जमा स्लज के निस्तारण को लेकर भी चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यावरण से जुड़े नियमों और निर्धारित मानकों का पालन करते हुए स्लज का सुरक्षित निस्तारण कराया जाए।

डीएम ने साफ कहा कि गंगा संरक्षण, प्रदूषण पर रोक और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के कामों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और तय समय में अपने लक्ष्य पूरे करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर अनुभव सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी आकांक्षा जैन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
nsingh