Advertisement

इस्कॉन कानपुर में आयोजित हुई ऐतिहासिक फूलों की होली

7 मार्च, शनिवार को मैनावती मार्ग स्थित इस्कॉन कानपुर में अत्यंत भव्य एवं अभूतपूर्व पुष्प होली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दिव्य उत्सव में हजारों की संख्या में भक्तों एवं कानपुर वासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास एवं आध्यात्मिक आनंद का वातावरण व्याप्त हो गया।

इस वर्ष आयोजित फूलों की होली विशेष रूप से अद्भुत एवं आकर्षक रही। मंदिर के मुख्य विग्रह श्री श्री राधा माधव, श्री श्री गौर निताई तथा श्री श्री जानकी-जानकी वल्लभ लक्ष्मण हनुमान जी का अत्यंत मनोहर पुष्प श्रृंगार किया गया। विभिन्न रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से सुसज्जित विग्रहों के दर्शन कर भक्तगण मंत्रमुग्ध हो उठे।

इस दिव्य समारोह को भव्य रूप प्रदान करने के लिए लगभग दस हज़ार किलो से अधिक फूल सिंगापुर, मलेशिया, पुणे एवं बेंगलुरु जैसे विभिन्न स्थानों से मंगवाए गए थे। इन पुष्पों से मंदिर परिसर को अत्यंत सुंदर ढंग से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण एक दिव्य पुष्प-वाटिका जैसा प्रतीत हो रहा था।
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही पुष्प होली आरंभ हुई, भक्तों ने हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा की और पूरा परिसर फूलों की सुगंध एवं भक्ति-भाव से सराबोर हो गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वृंदावन की दिव्य होली का प्रत्यक्ष अनुभव हो रहा हो।
इस अवसर पर इस्कॉन के जोनल सेक्रेटरी श्रीमान देवकीनंदन प्रभु जी तथा मंदिर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभु जी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ भक्त उपस्थित रहे।
उन्होंने भक्तों को संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण भक्ति के महत्व और ऐसे आध्यात्मिक उत्सवों की महिमा का वर्णन किया।

अजीत कुमार की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
WhatsApp Image 2026-03-02 at 17.58.17
nsingh