Advertisement

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शर्मा गुट का जोरदार धरना, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

 

कानपुर। उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट), कानपुर नगर द्वारा पुरानी पेंशन बहाली सहित कई लंबित मांगों को लेकर आज जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, कानपुर नगर के समक्ष जोरदार और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरना में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लेकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाई। संघ ने शिक्षक हितों से जुड़ी मांगों पर शासन की उदासीनता और उपेक्षा पर गहरा रोष जताया।
जिला अध्यक्ष राकेश तिवारी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में प्रदेशीय उपाध्यक्ष हेमराज सिंह गौर ने कहा कि शिक्षक समाज लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने चेताया कि यदि अब भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के साथ हो रहा अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिक्षक आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।
शिक्षक संघ की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन बहाली, चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 18 एवं 21 की वापसी, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण तथा वित्तविहीन शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन शामिल हैं।
धरना के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को ज्ञापन भेजा गया, जिसमें संघ ने अपनी मांगों का शीघ्र समाधान करने की अपेक्षा जताई।
पदाधिकारियों मोहित मनोहर तिवारी और अनिल सचान ने बताया कि संघ पूर्व में भी कई बार ज्ञापन, वार्ता और शांतिपूर्ण धरना के जरिए अपनी मांगें शासन तक पहुंचा चुका है, लेकिन कार्रवाई न होने से शिक्षकों में व्यापक असंतोष है।
कार्यक्रम में प्रदेशीय मंत्री समबृद्धि मिश्रा, मण्डलीय अध्यक्ष एन. पी. सिंह गौर, मनीष मिश्र, रामकुमार* राकेश तिवारी जिला अध्यक्ष अनिल सचान जिला मंत्री सहित कई शिक्षक नेता उपस्थित रहे।

देवेश तिवारी की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh