Advertisement

गंगा में डूबकर युवक की मौत करीब 9 घंटे बाद मिला शव

 

कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में गंगा किनारे मिले बैग, मोबाइल, बिरयानी और एसआई भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड ने शुक्रवार सुबह सनसनी फैला दी। शुरुआती जांच में युवक के गंगा में कूदने की आशंका जताई गई, जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। करीब 10 घंटे की तलाश के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान फजलगंज के दर्शनपुरवा निवासी 21 वर्षीय संजय कुमार सिद्धार्थ के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों तालिब, खुर्शीद और लाल सिंह के मुताबिक, शुक्रवार सुबह गंगापुल के पहले पिलर के पास जूते, बिरयानी और कपड़ों से भरा एक बैग पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें मार्च माह में आयोजित उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड और केनरा बैंक का एटीएम कार्ड मिला। इसके बाद युवक के गंगा में कूदने की आशंका के चलते खोजबीन शुरू की गई।

करीब 9 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन

पुलिस ने उन्नाव के शुक्लागंज से गोताखोरों की टीम बुलाकर तलाश शुरू कराई। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

फजलगंज निवासी संजय के रूप में हुई पहचान

जांच में मृतक की पहचान फजलगंज के दर्शनपुरवा निवासी संजय कुमार सिद्धार्थ (21) पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल प्रसाद के रूप में हुई। परिवार में उनकी मां माया देवी और भाई अजय कुमार हैं। बताया गया कि संजय दो महीने पहले रायबरेली में अपनी मौसी रेशमा के घर गए थे और वहां से लौटने के दौरान यह घटना हुई।

एडमिट कार्ड मौसी के बेटे का निकला

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बैग से मिला एसआई भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड संजय का नहीं, बल्कि उनकी मौसी रेशमा के बेटे ऋतिक का था। इसी वजह से शुरुआती दौर में पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही।

कारणों की जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि युवक के गंगा में कूदने के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मोहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh