ललितपुर। आचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य श्रमण मुनि श्री सुप्रभसागर जी महाराज , मुनि श्री प्रणतसागर जी महाराज की शीतकालीन वाचना श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र बानपुर में विधिवत रूप से शुरू हो गयी है। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ।
मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील संचय ललितपुर ने बताया कि सर्वप्रथम सकल दिगम्बर जैन समाज बानपुर ने मुनिद्व्य के चरणों में शीतकालीन वाचना के लिए श्रीफल समर्पित कर निवेदन किया। इस दौरान सर्वसाधु सेवा समिति के युवाओं एवं विशाश्री महिला मण्डल की महिलाओं ने भी शीतकालीन वाचना के लिए श्रीफल समर्पित आशीर्वाद प्राप्त किया।
ततपश्चात शीतकालीन वाचना के लिए मंगलकलश की स्थापना की गयी। शीतकालीन वाचना कलश की स्थापना का सौभाग्य अध्यक्ष महेन्द्र कुमार जैन नायक एवं मंत्री इन्द्र कुमार सिंघई ने प्राप्त किया ।
इस अवसर पर श्रमण मुनि सुप्रभसागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आचार्यों ने जिनागम में साधुओं के दस कल्पों की व्याख्या की है । धर्म ही एकमात्र आलम्बन है।इससे पतित हो रही आत्मा भी पवित्र बन जाती है। पतन के गर्त में जाने वाले प्राणी का भी उत्थान कर डालता है धर्म। उन्होंने कहा कि कोई भी किसी की शरण नहीं है, मात्र एक धर्म की शरण ही सच्ची शरण है। जो भी मानव अरिहंत, सिद्ध, साधु और धर्म इन चार की शरण ले लेता है वह भव सागर पार होकर अपने चरम और परम लक्ष्य मोक्ष की प्राप्ति कर लेता है। जो धर्मध्यान करते हुए धर्म की रक्षा करता है, धर्म भी उसकी रक्षा करता है। आगे उन्होंने कहा कि व्यक्ति के भौतिक रूप नहीं, बल्कि उसमें समाहित जीवन मूल्यों का महत्व है। भौतिक रूप क्षणिक है, लेकिन गुण, सिद्धांत और जीवन मूल्य सदियों तक व्यक्ति को इस दुनिया में जिंदा रखते हैं।
समीचीन विकल्पों के सम्यक समाधान कार्यक्रम में मुनि श्री सुप्रभसागर जी अनेक ऑनलाइन एवं कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं की जिज्ञासाओं का आगमोक्त समाधान प्रदान किया। संचालन ब्रह्मचारी साकेत भैया ने किया।
इस मौके पर अनिल चौधरी, पवन सिंघई, टिंकू नायक, राजेश सिंघई, इन्द्रकुमार सिंघई, राहुल पाइया, निहालचन्द चौधरी, प्रदीप मड़वैया, लकी मड़वैया, सनी सिंघई,जय मड़वैया,विजय मड़वैया आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अध्यक्ष महेन्द्र नायक ने बताया कि आगामी 21 जनवरी से आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा में श्रद्धालु कोविड की गाइडलाइन का पालन करते हुए शामिल होकर पुण्यार्जन करें।
मु0 जाकिर मंसूरी


















