ललितपुर। विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर जिले में लम्बे समय से चल रही अटकलों पर शुक्रवार को विराम लग गया। समाजवादी पार्टी ने जिले की 226 ललितपुर व 227 महरौनी विधानसभा क्षेत्रों से अपने प्रत्याशी घोषित कर राजनैतिक समीकरणों को उलझा दिया है। ललितपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से सरल व्यवहार के धनी रमेश कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है। तो वहीं महरौनी विधानसभा क्षेत्र से सपा ने फेरनलाल अहिरवार पर भरोसा जताया है। समाजवादी पार्टी से जिले की दोनों विधानसभा सीटों से प्रत्याशी घोषित होते ही सत्तादल समेत अन्य राजनैतिक दलों के चुनावी समीकरण गड़बड़ाते नजर आ रहे है।
गौरतलब है कि ललितपुर की सदर विधानसभा सीट काफी चर्चित हो चली है। इस बार प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर सभी राजनैतिक दलों में रस्साकसी चल रही थी। लेकिन सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने अपने पत्ते खोलते हुये ललितपुर सदर विधानसभा से जनता के बीच लोकप्रिय और सहज स्वभाव के धनी व्यक्तित्व के धनी रमेश कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है तो वहीं महरौनी विधानसभा से कद्दावर नेता फेरनलाल अहिरवार को टिकिट दिया है। सपा द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा करने के बाद अब सत्तादल समेत अन्य राजनैतिक दलों के चुनावी समीकरण गड़बड़ा गये हैं। बताते चलें कि रमेश कुशवाहा वर्ष 2012 में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। लेकिन वर्ष 2017 में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी में आस्था व्यक्त की थी। समाजवादी पार्टी के जरिए लगातार लोगों के बीच जाकर समाजसेवी कार्यों में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुये पिछले वर्षों में काफी लोकप्रिय हुये। यदि बात करें सामाजिक दृष्टिकोण की तो रमेश कुशवाहा की अपने समाज में बेहतर कार्यों के लिए अच्छी छवि बनी है, वहीं दूसरी ओर जनपद में सर्वाधिक संख्या में मौजूद पिछड़ी जाति के बीच भी अत्याधिक लोकप्रिय हैं। साथ ही अन्य समाजों के लिए भी कार्य करते हुये जन-जन की पहली पसंद बने।
जातिगत आंकड़ों की बात करें तो सबसे अधिक संख्या कुशवाहा समाज की है,जिसका खुला समर्थन भी रमेश कुशवाहा के साथ दिखाई पड़ रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछड़ी जातियों में कुल मतदाता 265291 हैं, जिनमें कुशवाहा समाज के कुल मतदाता 68454 हैं। तो वहीं यादव/ग्वाला 44256, लोधी 42044, रैकवार/धीवर 25156, साहू 14724, राठौर 3087, पाल 13026, सेन- नाई 13026, प्रजापति कुम्हार 5356, बढ़ई (विश्वकर्मा) 5109, लुहार (झां) 5094, कुर्मी 3156, सेन/माली 1152, नामदेव (दर्जी) 3094, राय-कलार 4008, जोगी 1037, चौरसिया 3094, पटवा 1108, स्वर्णकार 4057, ताम्रकार 2853, गिरी 513, घोसी 1312, कड़ेरे 575 शामिल हैं। इसी प्रकार अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या 124962 हैं। जिनमें अहिरवार 60760, सहरिया आदिवासी 19356, रजक 13094, वंशकार-बरार 18456, कोरी 3094, बाल्मीकि 4056, खटीक 1041, बेलदार 504, कबूतरा 3127, नाथ 536, मोगिया 262, गौंड़ 158, बेडिय़ा 518 हैं। सामान्य जाति के कुल मतदाता 48120 हैं, जिनमें पण्डित 23130, ठाकुर 18056, खंगार 1017, श्रीवास्तव 3106, बुनकर 1092, गुप्ता 573, अग्रवाल 518, नायक 628 हैं। धार्मिक अल्पसंख्यकों की कुल संख्या 42339 हैं, जिनमें मुस्लिम 21026, जैन 17336, सिक्ख 890, सिंधी 507, ईसाई 1957, खत्री 224, बंगाली 217 है। इनमें कुल महिला मतदाता 228584 व पुरुष मतदाता 252098 व अन्य मतदाता 30 हैं। इस प्रकार ललितपुर विधानसभा में कुल 480712 मतदाता हैं।
ललितपुर सीट का इतिहास
ललितपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2012 में रमेश प्रसाद कुशवाहा की जीत हुई थी। उन्हें 79797 मत प्राप्त हुए थे। 2007 में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में इंजी. नाथूराम कुशवाहा की जीत हुई। उन्होंने समाजवादी पार्टी के भूपेंद्र सिंह बुंदेला को 19800 मतों से हराया, जबकि 2002 में कांग्रेस पार्टी के वीरेंद्र सिंह विजयी रहे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के तिलक यादव को हराया। 1996 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में अरविंद कुमार जैन की जीत हुई। भाजपा को इस सीट पर 21 साल बाद दूसरी जीत मिली है। लेकिन अबकी बार समाजवादी पार्टी की विकास परख नीतियां और विचारधारा को काफी बल मिला है और जिले की ललितपुर व महरौनी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी को बेहतर जनसमर्थन मिल रहा है।
अब तक यह चुने गए
1951-कृष्ण चंद्र शर्मा कांग्रेस, 1957-रामनाथ खैरा निर्दलीय, 1962-अयोध्या प्रसाद कांग्रेस, 1967- अयोध्या प्रसाद कांग्रेस, 1969-भगवत दयाल भारतीय जनसंघ, 1974 -चंदन सिंह कामरेड सीपीआई, 1977- सुदामा प्रसाद गोस्वामी जनता पार्टी, 1980-ओमप्रकाश रिछारिया कांग्रेस, 1985-राजेश खैरा कांग्रेस, 1989- डा.अरविंद जैन भाजपा, 1991-डा.अरविंद जैन भाजपा, 1993- डा.अरविंद जैन भाजपा, 1996-डा.अरविंद जैन भाजपा, 2002-वीरेंद्र सिंह बुंदेला कांग्रेस, 2007- नाथूराम कुशवाहा बसपा, 2009 सुमन कुशवाहा, बसपा(उपचुनाव), 2012- रमेश कुशवाहा, 2017- रामरतन कुशवाहा भाजपा से चुने गये।
मु0 जाकिर मंसूरी ललितपुर


















