मुंबई, मार्च 2026: सोनी सब का बहुप्रतीक्षित मेडिकल ड्रामा यादें दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा रहा है। शो के लीड एक्टर इक़बाल खान ने इसके प्रमोशन के लिए अक्षय कुमार के गेम शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून में खास शिरकत की। बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार द्वारा होस्ट किए गए इस एपिसोड में इक़बाल के साथ उनके दोस्त और अभिनेता मनीष पॉल और करण वाही भी शामिल हुए। तीनों ने मंच पर अपनी दोस्ती, मज़ाक और गर्मजोशी से माहौल को खुशनुमा बना दिया और दर्शकों को यादें की भावनात्मक दुनिया की झलक दिखाई।
मज़ेदार पलों और हंसी-मज़ाक के बीच मनीष ने यह राज़ खोला कि इक़बाल अक्षय कुमार के बहुत बड़े फैन हैं और जूडो व कराटे में बेहद माहिर हैं। उनकी फ्लाइंग किक्स इतनी सटीक होती हैं कि देखने वाले दंग रह जाते हैं। मनीष ने कहा: “एक बात जो इक़बाल कहने में झिझक रहे हैं, मैं बताना चाहता हूँ कि वे जूडो और कराटे में बहुत अच्छे हैं और प्रोफेशनल्स की तरह फ्लाइंग किक्स कर सकते हैं।”
इक़बाल खान ने खुलासा किया कि जब फिल्म खिलाड़ी रिलीज़ हुई थी, तो वह और उनके दोस्त क्लाइमैक्स सीन से इतने प्रभावित हुए कि उसे अपनी ही स्टाइल में दोहराने की कोशिश करते थे। यह उनके लिए अक्षय कुमार के एक्शन स्टारडम को अपने अंदाज़ में जीने जैसा था। एक खुली बातचीत में इक़बाल खान ने कहा, “जब खिलाड़ी रिलीज़ हुई थी, उसके क्लाइमैक्स सीन में जब आप एम्बेसडर कार के ऊपर से कूदते हैं और फिर वो किक्स देते हैं हमने वो देखा था। हमारी कॉलोनी में कुछ लड़के थे और उस समय कैमरे नहीं हुआ करते थे। हम कार के पीछे एक स्टूल रखते, उस पर चढ़ते और एक हाथ से सहारा लेकर वही मूव दोहराने की कोशिश करते। हम बस उन किक्स तक ही पहुँच पाए, लेकिन जिस तरह आप खुद को ऊपर उठाते थे, वैसा हम कभी कर ही नहीं पाए।”
एक दिलचस्प किस्से में करन वाही ने अपनी दोस्ती का ज़िक्र करते हुए बताया कि हर तीन दोस्तों के ग्रुप में हमेशा एक ऐसा इंसान होता है जो बाकी दो का ध्यान रखता है और उनके ग्रुप में वह शख्स इक़बाल हैं। करन वाही ने कहा, “हम जैसे किरदारों (मनीष और मैं) के साथ आपको ज़रूर कोई समझदार इंसान चाहिए होता है जो चीज़ों को संभाल सके। तो जब भी हम अपनी शरारतों में लगे रहते हैं, इक़बाल ही हमें मैनेज करते हैं।”
इस सोमवार, 13 मार्च 2026 रात 9 बजे देखिए इक़बाल खान को व्हील ऑफ फॉर्च्यून पर अक्षय कुमार के साथ, जहां वे यादें की भावनाओं को साझा करेंगे।
और जुड़े रहिए यादें के लिए, जल्द ही सिर्फ़ सोनी सब पर।


















