25 सितम्बर को लखनऊ में होगी महारैली
कानपुर नगर। अटेवा संगठन ने जिलाध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में विभिन्न सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर जी०एन०के० इण्टर कालेज से जिलाधिकारी कार्यालय तक ‘तिरंगा यात्रा निकाली। पुरानी पेंशन की बहाली हेतु व कार्यरत शिक्षकों पर TET अनिवार्यता एव निजीकरण की समाप्ति हेतु प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से दिया। अटेवा जिलाध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि विगत कई वर्षों से अटेवा लगातार सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहा है, परन्तु सरकार के कान में जूँ नहीं रेंग रही है। अगर अब भी सरकार हमारी मांग पर विचार नहीं करती तो संगठन आगामी 25 सितम्बर को लखनऊ में विशाल महारैली करेगा। संगठन के महामंत्री सुनील बाजपेई ने कहा कि कार्यरत शिक्षकों पर “टेट अनिवार्यता” का नियम थोपना बिल्कुल उचित नहीं है, और यदि शिक्षकों को हर परीक्षा पास करनी पड़ेगी तो जितने सांसद, विधायक, मंत्री हैं, उनकी भी स्क्रीनिंग के लिए सरकार को कोई परीक्षा आयोजित करनी चाहिए, अन्यथा “टेट अनिवार्यता का नियम ‘अध्यादेश लाकर सरकार खत्म करे। मण्डलीय मंत्री डा० यतीन्द्र शर्मा ने कहा कि सरकारी संस्थाओं का निजीकरण सही नहीं है। निजीकरण गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों के खिलाफ अमीरों का षडयंत्र है। एन०एम०ओ०पी०एस० डिफेंस के राष्ट्रीय सचिव रमेश पाल ने कहा कि एन०पी०एस० अथवा यू०पी०एस० किसी भी दशा में स्वीकार नहीं है और यदि सरकार को यह पेंशन स्कीम अच्छी लगती है तो अपने सभी सांसदों, विधायकों व मंत्रियों को अच्छी वाली एन०पी०एस० या यू०पी०एस० पेंशन स्कीम दे दे और देश के सभी शिक्षक, कर्मचारियों को सरकार की नजर में खराब पुरानी पेशन दे दें।
आदर्श माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री कुलदीप यादव ने कहा कि सभी संगठनों को इस मुद्दे पर मिलकर एक साथ संघर्ष करने की आवश्यकता है। फार्मासिस्ट एसोसिएशन उ०प्र० के महामंत्री राजेन्द्र पटेल ने सरकार को आगाह किया कि “पुरानी पेंशन कर्मचारियों की बुढ़ापे की लाठी है और इसको पाने हेतु कर्मचारी किसी भी हद तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने को तैयार है।आज मोहित सचान के नेतृत्व में लेखपाल संघ,डिफेंस NMOPS के सहसंयोजक रमेश पाल व बलबीर सिंह यादव के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र के कर्मचारियों ने सिंचाई विभाग अटेवा संरक्षक शिवनारायण साहू के नेतृत्व में सिंचाई विभाग, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री श्री राजेन्द्र पटेल के नेतृत्व में फार्मासिस्ट, नर्सेस संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना पाण्डेय के नेतृत्व में नर्सेस संघ ने, अरविन्द कुशवाहा के नेतृत्व में आई०टी०आई. PWD विभाग, दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ, सेल टैक्स, उद्योग निदेशालय, सेवायोजन कार्यालय, उच्चतर शिक्षा माध्यमिक शिक्षा व बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने ” पुरानी पेंशन बहाल करने, निजीकरण व कार्यरत शिक्षकों पर TET अनिवार्यता समाप्ति के सम्बन्ध में तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रमेश पाल, कुलदीप यादव, डा० यतीन्द्र शर्मा, शिव नारायण साहू, राजेन्द्र पटेल, मनोज, भूषण पाण्डेय, धनन्जय सिंह, सतीश द्विवेदी, विवेक यादव, अरविन्द कुशवाहा, सर्वेश त्रिवेदी, मोहित सचान, सुजीत कुशवाहा, सन्तोष अग्निहोत्री नीरजा मिश्रा, किरण बाला, अंजना बाजपेई, कुमुद बाला, अर्चना पाण्डेय, अर्चना सेनी, विजय पाल, मोहन मुरारी, अभिषेक पासी, अनूप यादव, अजय पाल, अतुल मिश्रा, आत्माराम, अक्षय कुमार, दिनेश, तेज बहादुर, नितिन मिश्रा, सुनील वर्मा, चन्द्रशेखर, भरत दीक्षित, अरविन्द, धर्मेन्द्र यादव, उमाकान्त पाल, शाहिद, विकास सक्सेना, अमित कुमार, अमित दुबे, विजय मनीष, शहनवाज, राजेश शर्मा, अजीत, विजय हिमांशू विद्यासागर, सत्यवीर प्रशान्तराय, अजय सिह आदि लोग उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















