कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित लालबंगला मार्केट में गुरुवार सुबह 11 बजे एक रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग से दुकान में रखे ब्रांडेड कपड़े, महंगे परफ्यूम और एसी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
श्यामनगर निवासी दुकान संचालक प्रिंस गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान ‘ट्रेंडजिल्ला’ लालबंगला की सब्जी मंडी में है। वह रोजाना की तरह बुधवार की रात दुकान बंद करके घर चले गए थे। दो दिन पहले ही उन्होंने ब्रांडेड कपड़ों का नया स्टॉक मंगवाया था। गुरुवार सुबह मकान मालिक आदित्य वर्मा ने धुआं निकलने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के अंदर आग भड़क चुकी थी और चारों तरफ धुआं भरा हुआ था। प्रिंस ने बताया कि शटर खोलते ही आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं, जिससे दुकान का सामान तेजी से जलने लगा।
दुकान संचालक प्रिंस गुप्ता ने आरोप लगाया कि दमकल विभाग को सूचना देने के लगभग एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उनके अनुसार, दमकल के पहुंचने में हुई देरी के कारण आग को फैलने का अधिक समय मिल गया, जिससे दुकान के अंदर रखा सामान बड़े पैमाने पर नष्ट हो गया। प्रिंस गुप्ता ने इस घटना में लगभग 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
सूचना मिलते ही जाजमऊ अग्निशमन केंद्र से दो फायर टैंकर और एक हाई-प्रेशर यूनिट मौके पर पहुंची। अग्निशमन टीम ने आग को दुकान के अन्य हिस्सों और आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति के झुलसने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है। आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने पुष्टि की है कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















