कानपुर, 18 अगस्त। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच), कानपुर में चल रही यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कई मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे, जबकि अंडर-13 बालक वर्ग का अरुणिम अग्रवाल और देबांशु चक्रवर्ती के बीच मुकाबला पांच गेम तक चला।
आज प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में बीना लवानिया (आगरा) की उपस्थिति रही , संजीव पाठक चेयरमैन यू पी टी टी ए और अरुण बनर्जी सचिव भी उपस्थित रहे। प्रमुख परिणाम इस प्रकार हैं।
अरुणिम ने रोमांचक मुकाबले में देबांशु को हराया
अंडर-13 बालक वर्ग के सबसे रोमांचक क्वार्टर फाइनल में दिल्ली के अरुणिम अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती को 5-11, 13-11, 11-3, 9-11, 11-9 से पराजित किया। दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी और मुकाबला निर्णायक पांचवें गेम तक पहुंचा। अंतिम गेम में अरुणिम ने संयम बनाए रखते हुए जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता ने तमिलनाडु के एच. तनीष को 11-6, 15-13, 11-7 से हराया। वहीं राजदीप बिस्वास ने महाराष्ट्र के अधिराज चौहान को 11-4, 11-6, 13-11 से मात दी। पश्चिम बंगाल के जेम महालनाबिश ने PSPBA के रयान बोर्थाकुर को 11-7, 11-6, 10-12, 11-8 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
बालिका वर्ग में भी कड़े मुकाबले
अंडर-13 बालिका वर्ग में असम की दिविजा पॉल ने उत्तर प्रदेश की पेहल गुप्ता को 11-8, 6-11, 11-9, 13-11 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
महाराष्ट्र की **महिका सुस्वीरकर** को अपनी ही राज्य की केशिका पुरकर के खिलाफ कड़ी चुनौती मिली। महिका ने दो बार पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 8-11, 11-4, 7-11, 11-6, 11-8 से जीत दर्ज की।
असम की ईशानी गोगोई ने पश्चिम बंगाल की आराध्या डे सरकार को 11-4, 11-8, 11-3 से तथा दिल्ली की ख्याति पांडे ने उत्तर प्रदेश की अनिष्का गुप्ता को 11-9, 11-8, 11-6 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया।
उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने छोड़ी मजबूत छाप
उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के नॉकआउट चरण में शानदार प्रदर्शन किया। पेहल गुप्ता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र की वेदिका जायसवाल को 11-7, 11-5, 11-4 से हराकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।
वहीं अनिष्का गुप्ता ने महाराष्ट्र की आद्या बाहेती के खिलाफ कड़ा मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। अनिष्का ने 12-10, 15-13, 8-11, 11-8 से जीत दर्ज की। हालांकि क्वार्टर फाइनल में दोनों उत्तर प्रदेश खिलाड़ियों का सफर समाप्त हो गया, लेकिन प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने प्रदेश की युवा टेबल टेनिस प्रतिभाओं की क्षमता और बढ़ती प्रतिस्पर्धा को जरूर उजागर किया।
कल होंगे सेमीफाइनल और फाइनल
प्रतियोगिता में अंडर-11 एवं अंडर-13 बालक-बालिका वर्ग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 19 अगस्त को खेले जाएंगे, जिसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। दूसरी ओर अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले जारी हैं और मुख्य ड्रॉ के मुकाबले भी कल से शुरू होंगे।
अंडर-13 बालक सेमीफाइनल:अरिव दत्ता, राजदीप बिस्वास, अरुणिम अग्रवाल और जेम महालनाबिश के बीच खिताबी मुकाबले की दिशा तय होगी।
अंडर-13 बालिका सेमीफाइनल: दिविजा पॉल, ईशानी गोगोई, महिका सुस्वीरकर और ख्याति पांडे अंतिम चार में खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी।


















