Advertisement

स्वतंत्रता दिवस पर कोआपरेटिव इस्टेट में शान से लहराया तिरंगा

कानपुर नगर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर संस्था द्वारा संचालित विद्यालय ‘कोपेस्टेट शिक्षा सदन जू.हा. स्कूल’, 46-बी, दादा नगर तथा कोआपरेटिव इस्टेट कार्यालय परिसर में उद्यमियों एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में हर्षाेल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।
कोपेस्टेट शिक्षा सदन जू.हा. स्कूल में चेयरमैन विजय कपूर ने मुख्य अतिथि कोआप. इस्टेट वूमेन इन्टरप्रेन्योर्स विंग की ज्वाइंट सेक्रेट्री श्रीमती विनीत कौर जी एवं प्रवक्ता श्रीमती अर्चना अग्रवाल के साथ ध्वजारोहण किया। चेयरमैन विजय कपूर एवं उपस्थित उद्यमियों ने मुख्य अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
ध्वजारोहण के उपरान्त महिला उद्यमियों ने अपने उद्बोधन में बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिस प्रकार तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, उसी प्रकार प्रत्येक भारतीय को अपने हृदय में भी तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को सर्वाेच्च स्थान देना चाहिए। उन्होंने चेयरमैन श्री विजय कपूर द्वारा उद्यमियों, महिला उद्यमियों एवं व्यापारियों को एक सूत्र में पिरोकर साथ लेकर चलने तथा क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
इसके पश्चात कोआपरेटिव इस्टेट के प्रशासनिक भवन में मुख्य अतिथि कोआप. इंड. इस्टेट यूथ विंग के सदस्य एवं युवा उद्यमी अंकुर नरूला एवं उद्यमी रमन भल्ला ने उपस्थित उद्यमियों के साथ ध्वजारोहण किया। चेयरमैन विजय कपूर ने मुख्य अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर चेयरमैन विजय कपूर ने कहा कि ‘कोआपरेटिव इस्टेट में कर्मठ एवं अपनी मेहनत और लगन से सफलता प्राप्त करने वाले उद्यमियों से ध्वजारोहण कराने की गौरवशाली परम्परा रही है। यह बताते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है कि कुछ समय पूर्व गठित कोआप. इस्टेट वूमेन इन्टरप्रेन्योर्स विंग की महिला उद्यमियों तथा कोआप. इंड. इस्टेट यूथ विंग के युवा उद्यमी सदस्यों ने क्षेत्र के विकास एवं श्रमिकों के कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’
उन्होंने उपस्थित उद्यमियों एवं जनसमुदाय से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि सबसे पहले अपने शहर में निर्मित उत्पादों को, उसके बाद प्रदेश और फिर देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा हमारे शहर, प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत राष्ट्र ही विश्व में आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ सकता है।
चेयरमैन विजय कपूर ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति भी सभी को जागरूक करते हुए अपील की कि 15 अगस्त के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित एवं ससम्मान रखा जाए। यदि कहीं सड़क अथवा किसी अन्य स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज पड़ा हुआ दिखाई दे, तो उसे भी सम्मानपूर्वक उठाकर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था करें, ताकि राष्ट्रध्वज का किसी भी प्रकार से अपमान न हो।
इस पुनीत अवसर पर चेयरमैन श्री विजय कपूर के साथ सैकड़ों उद्यमियों, कोआप.इन्ड.इस्टेट यूथ विंग के युवा उद्यमी सदस्यों, कोआप.इस्टेट वूमेन इन्टरप्रेन्योर्स की महिला उद्यमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने राष्ट्रध्वज को नमन कर देश की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh