कानपुर। महाराजपुर थाना पुलिस ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों व वाहनों से मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के कई मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक पवन शर्मा हमराह पुलिस बल के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाईवे किनारे ट्रक चालकों से लूटपाट व मोबाइल चोरी करने वाले कुछ युवक चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश में रामादेवी से महाराजपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने सर्विस रोड पर केआईटी कॉलेज के सामने घेराबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए गए चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बाबू सिंह, राघवेन्द्र यादव उर्फ राघव उर्फ कल्लू, आदित्य यादव उर्फ रफ्तार और अभिषेक सैनी उर्फ कद्दू के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कई मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना महाराजपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद मोबाइल फोन के संबंध में पुलिस इनके स्रोत और चोरी की अन्य घटनाओं से कनेक्शन की जांच कर रही है।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















