समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र पोस्ट के मामले में एफआईआर दर्ज कराने वाले सपा अधिवक्ता महासभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव का शुक्रवार को पार्टी विधायकों ने स्वागत कार्यक्रम किया। इस दौरान सपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं विधायक हसन रूमी नें कहा कि ऐसा निंदनीय कार्य करने वाले को जो पकड़कर उसके हांथ-पैर बांध कर उसकी निंदा करेगा, उस पुलिस कर्मी को 1 लाख 11 हजार का इनाम वो उसे स्वंय देंगे।
कैंट विधायक मोहम्मद हसन रूमी और आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने प्रेसवार्ता कर कहा कि प्रवीण यादव ने विरोध का सही और कानूनी रास्ता अपनाया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन परिवार और बच्चों को निशाना बनाना लोकतंत्र और राजनीति दोनों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
तीन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है एफआईआर
प्रवीण यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले के खिलाफ साइबर क्राईम थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद सपा नेताओं ने उनके इस कदम का स्वागत किया।
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई।
अमिताभ बाजपेई ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर अब कुछ लोग नेताओं के परिवार और बच्चों पर भी टिप्पणी करने लगे हैं, जो बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पोस्ट करने वालों के साथ-साथ उसे शेयर और कमेंट करने वालों की भी जांच कर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा, “राजनीति का सबसे गिरा हुआ स्तर तब होता है जब किसी के परिवार को निशाना बनाया जाता है। ऐसी प्रवृत्ति पर रोक लगनी चाहिए।”
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















