Advertisement

कैंट विधायक हसन रूमी ने सड़क में गड्ढों पर भरे फूल

 

कानपुर की छावनी विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़क और लंबे समय से लंबित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा अब प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है। मोहम्मद हसन रूमी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर सीओडी क्रॉसिंग से हरिहरनाथ धाम और श्याम नगर तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण तथा सुजातगंज रेलवे पुल मार्ग के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है।

रविवार को सुजातगंज क्रॉसिंग के निकट समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। विधायक हसन रूमी स्वयं प्रदर्शन में शामिल हुए और करीब 200 मीटर तक पैदल मार्च निकाला। विरोध दर्ज कराने के लिए उन्होंने सड़क के गड्डों में फूल डालकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताई।
पीएमओ, रक्षा मंत्रालय और रेल मंत्रालय को भेजा ज्ञापन

हसन रूमी ने बताया कि बारिश से पहले सड़क निर्माण और रेलवे पुल परियोजना शुरू कराने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय, रक्षा मंत्रालय और रेल मंत्रालय को ज्ञापन भेजा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने ई-मेल के माध्यम से भी कई बार दोनों मंत्रालयों को शिकायत भेजी है।
“मतदाताओं के साथ बेईमानी जैसा महसूस होता है”

विधायक ने कहा कि जनता ने उन्हें अपनी आवाज़ बनाकर विधानसभा भेजा है, लेकिन जब उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है तो उन्हें अपने मतदाताओं के साथ बेईमानी जैसा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के तहत यह विरोध प्रदर्शन किया गया है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सपा विधायक ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “ना हम चैन से बैठेंगे और ना अफसरों को चैन से बैठने देंगे।” उनका आरोप है कि रक्षा मंत्रालय और रेल मंत्रालय की लापरवाही के कारण क्षेत्र की जनता वर्षों से परेशान है और सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों की है।

मोहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh