कानपुर से प्रयागराज तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर मॉनसून को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के निर्देश पर वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट और त्रिवेणी संगम हाईवे प्राइवेट लिमिटेड की ओर से हाईवे को बारिश के दौरान भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कानपुर-प्रयागराज हाईवे के दोनों किनारों पर बने नालों और जल निकासी मार्गों की बड़े स्तर पर सफाई की जा रही है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो और यातायात बिना किसी बाधा के चलता रहे। इसके साथ ही सड़क पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का काम भी तेजी से जारी है।
हाईवे अथॉरिटी का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक सफर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए मॉनसून शुरू होने से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं। नियमित मॉनिटरिंग के साथ तकनीकी टीमों और सफाई कर्मचारियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इस बीच त्रिवेणी संगम हाईवे प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज ने बताया कि मॉनसून के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ सड़क की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बारिश में भी बेहतर सफर का अनुभव मिल सके।
NHAI का लक्ष्य है कि कानपुर से प्रयागराज तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश के मौसम में भी यातायात पूरी तरह सुचारु बना रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















