30 जुलाई, 2026 से प्रारंभ हो रहे पावन श्रावण मास के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा मंदिर के पुजारी एवं संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री आनंदेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए आते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन हेतु प्रमुख स्थानों पर बड़े एवं स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं, जिन पर प्रवेश, निकास, चिकित्सा सहायता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी अंकित हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के महंत से व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन की व्यवस्था, नियमित कचरा उठान तथा सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। केस्को को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि मंदिर परिसर के निकट अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाए तथा आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं चिकित्सकीय टीम की उपलब्धता सुनिश्चित रहे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखते हुए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी एवं कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा जल लेकर आने वाले कांवड़ियों एवं अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं सुव्यवस्थित मार्ग बनाए जाएं, जिससे दर्शन एवं जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जिलाधिकारी ने भगवान श्री आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना की।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सुगमता एवं श्रद्धा के साथ भगवान श्री आनंदेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक कर सके। सभी विभागों की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सावन के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने किया परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण,


















