दिल्ली/कानपुर। उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज दिल्ली में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें 16 से 23 अगस्त, 2026 तक कानपुर के टीएसएच (स्पोर्ट्स हब) में आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अतिथि के रूप में पधारने हेतु सादर आमंत्रित किया।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन श्री संजीव पाठक उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल की विनम्र प्रार्थना पर माननीय पंकज चौधरी जी ने आश्वासन देते हुए कहा कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रमों के मध्य इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ की ओर से माननीय पंकज चौधरी जी को स्मृति-चिह्न स्वरूप स्टैग की मिनी टेबल टेनिस टेबल भेंट की गई। उन्होंने प्रदेश में टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ ने उनके खेलों के प्रति निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी उपस्थिति से प्रतियोगिता को नई पहचान मिलेगी तथा प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा प्राप्त होगी।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















