भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत महिला महाविद्यालय, किदवई नगर, कानपुर में संचालित पखवाड़े के तहत 30 जुलाई 2026 को छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से जागरूकता डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर प्रतिभा श्रीवास्तव ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “नशामुक्त युवा ही सशक्त एवं विकसित भारत की आधारशिला हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, आत्मानुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली का विकास करना भी है। प्रत्येक छात्रा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे।”
डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से छात्राओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन एनसीसी प्रभारी डॉ. आकांक्षा शुक्ला, एनएसएस प्रभारी डॉ. नम्रता पांडे एवं रेंजर्स प्रभारी डॉ. अंजू श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न हुआ।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















