महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाबा भोलेनाथ के दर्शन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कानपुर पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, जेसीपी विपिन टाडा और जेसीपी संकल्प शर्मा ने जाजमऊ स्थित ऐतिहासिक सिद्धनाथ मंदिर का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का ब्लूप्रिंट तैयार किया।
जेसीपी विपिन टाडा ने बताया कि इस बार भीड़ नियंत्रण के लिए एक विशेष रणनीति अपनाई गई है। मंदिर के गर्भगृह में कुल चार दरवाजे हैं। इनमें से दो दरवाजे सिर्फ महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि बाकी दो दरवाजों से पुरुष श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। यह व्यवस्था विशेष रूप से महिला सुरक्षा और धक्का-मुक्की रोकने के लिए बनाई गई है।
सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए मंदिर परिसर को छावनी में तब्दील किया जाएगा।
महिला श्रद्धालुओं की सहायता के लिए अतिरिक्त महिला पुलिस बल मौजूद रहेगा।
मंदिर में एक अस्थायी कंट्रोल रूम बनेगा जहाँ से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
पुराने कैमरों के अलावा सुरक्षा निगरानी के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने मंदिर समिति और स्थानीय लोगों से संवाद कर यह सुनिश्चित किया है कि इस महाशिवरात्रि पर भक्तों को दर्शन में कोई असुविधा न हो।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















