व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, ऑनलाइन व्यापार के नियमन और श्रद्धेय श्याम बिहारी मिश्रा जी की स्मृति में प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
कानपुर। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर की जिला इकाई द्वारा रविवार, 30 अगस्त 2026 को मर्चेंट चेंबर हॉल, सिविल लाइंस में भव्य शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत पाल जी रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में गुजरात, अहमदाबाद से पधारे राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने की।
कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार एवं विधायक अमिताभ बाजपेई जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी जी ने किया।
समारोह के दौरान नवगठित जिला कार्यकारिणी के चेयरमैन मणिकांत जैन, जिला अध्यक्ष श्री सुनील बजाज, जिला महामंत्री श्री कृपा शंकर त्रिवेदी, जिला कोषाध्यक्ष श्री प्रदीप गुप्ता सहित संपूर्ण जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई।
कानपुर महानगर की लगभग सभी प्रमुख बाजारों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान व्यापारियों ने जीएसटी व्यवस्था, ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते प्रभाव, छोटे एवं फुटकर व्यापारियों के हितों की सुरक्षा तथा ऑनलाइन व्यापार के लिए रेगुलेटरी एक्ट लागू किए जाने सहित अनेक महत्वपूर्ण व्यापारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
श्याम बिहारी मिश्रा जी की स्मृति में भव्य प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
शपथ ग्रहण के उपरांत जिला अध्यक्ष श्री सुनील बजाज जी ने नवगठित संपूर्ण जिला कार्यकारिणी के समक्ष एक महत्वपूर्ण एवं भावनात्मक अपना प्रथम प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज के महानायक एवं व्यापारिक आंदोलनों को नई दिशा और दशा देने वाले श्रद्धेय श्याम बिहारी मिश्रा जी को उनके योगदान के अनुरूप जो सम्मान वास्तविक रूप से मिलना चाहिए था, वह उनके हमारे बीच न रहने के बाद भी पूरी तरह नहीं मिल पाया।
उन्होंने कहा कि श्रद्धेय श्याम बिहारी मिश्रा जी ने कानपुर की प्रमुख व्यापारिक बाजारों—कलेक्टरगंज, कोपरगंज, शिवाला, मनीराम बगिया, नखास एवं जनरलगंज सहित अनेक बाजारों में व्यापारियों के बीच रहकर उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत किया और व्यापारिक आंदोलनों को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने अपने संघर्ष, समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व से व्यापारिक संगठन को एक छोटे से पौधे से विशाल वटवृक्ष का रूप देने का काम किया।
सुनील बजाज जी ने कहा कि श्रद्धेय श्याम बिहारी मिश्रा जी का जीवन केवल एक व्यक्ति का जीवन नहीं, बल्कि व्यापारी समाज के संघर्ष, स्वाभिमान और संगठन की पूरी यात्रा है। उन्होंने जिस संगठन की नींव रखी, आज उसी संगठन के बैनर तले हजारों व्यापारी एकजुट होकर अपने अधिकारों एवं सम्मान की आवाज बुलंद कर रहे हैं।
उन्होंने संपूर्ण कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्ताव रखा कि कानपुर की किसी एक प्रमुख व्यापारिक बाजार में श्रद्धेय श्याम बिहारी मिश्रा जी की एक भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष, योगदान और व्यापारी समाज के लिए किए गए कार्यों से सदैव प्रेरणा ले सकें।
यह प्रस्ताव मंत्री श्री अजीत पाल जी, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुनील सिंघी जी, विधायक श्रीमती नीलिमा कटियार जी, विधायक श्री अमिताभ बाजपेई जी एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मुकुंद मिश्रा जी सहित गणमान्य अतिथियों और बड़ी संख्या में उपस्थित व्यापारियों की मौजूदगी में रखा गया।
प्रस्ताव पर सदन ने एक स्वर में अपनी सहमति एवं समर्थन प्रदान किया। उपस्थित व्यापारियों ने कहा कि यह केवल एक प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय नहीं, बल्कि व्यापारी समाज के उस महान व्यक्तित्व के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और श्रद्धांजलि का स्थायी प्रतीक होगा, जिन्होंने अपना पूरा जीवन व्यापारी हितों और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित किया।
व्यापारी समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुनील सिंघी जी ने कहा कि “मैं आपके इस व्यापार मंडल के बैनर तले देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कई कार्यक्रमों में भाग ले चुका हूं। आपके संगठन के संस्थापक एवं हम सभी के भाजपा परिवार में भी संरक्षक रहे श्रद्धेय श्याम बिहारी मिश्रा जी ने लगभग 50 वर्ष पूर्व व्यापारियों के हितों को लेकर जो सपना देखा था, वह आज मूर्त रूप लेता दिखाई दे रहा है।”
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से देशभर के व्यापारियों की समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कानपुर के संगठन से जुड़े प्रदेश पदाधिकारी श्री सुनील पांडे जी को भी राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड में सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
श्री सिंघी जी ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कार्यक्रम में व्यापारियों द्वारा जो भी समस्याएं और विषय उनके समक्ष रखे गए हैं, उन्हें वह व्यक्तिगत रूप से केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
व्यापारियों के साथ सदैव विधायक
विधायक श्रीमती नीलिमा कटियार और अमिताभ बाजपेई जी ने कहा कि व्यापारियों के हितों की सुरक्षा, उनके संवर्धन एवं समृद्धि के लिए जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वह व्यापारियों और संगठन के साथ पहले भी खड़ी थीं, आज भी खड़ी हैं और भविष्य में भी खड़ी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
छोटे व्यापारियों की चिंता सरकार और संगठन दोनों की जिम्मेदारी : मुकुंद मिश्रा
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्री मुकुंद मिश्रा जी ने नवगठित जिला कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कानपुर उद्योग व्यापार मंडल की नई टीम व्यापारी हितों के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था में लागू की गई टैगिंग प्रणाली के कारण छोटे व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते प्रभाव के कारण छोटा एवं फुटकर व्यापारी असमान प्रतिस्पर्धा की स्थिति में पीछे छूट रहा है। ऐसे में छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए ऑनलाइन व्यापार को उचित नियमन के दायरे में लाने हेतु प्रभावी रेगुलेटरी एक्ट की आवश्यकता है।
विशिष्ट व्यापारियों को मिला ‘कानपुर रत्न’ सम्मान
समारोह में कानपुर का गौरव बढ़ाने वाले विशिष्ट व्यापारियों एवं उद्यमियों को ‘कानपुर रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में संजू पाठक ‘बॉबी’, नजम हमराज, तिरंगा अगरबत्ती के श्री नरेंद्र शर्मा, डॉ. उमेश पालीवाल, श्री कैलाश अग्रवाल एवं श्री सुरेंद्र गुप्ता ‘गोल्डी’ को सम्मानित काया। इसमें प्रमुख रूप से विजय पंडित, रामेश्वर गुप्ता, राम किशोर मिश्रा, राजेंद्र शुक्ला, निर्मल त्रिपाठी, सत्य प्रकाश जायसवाल, संत मिश्रा, महेंद्र गुप्ता, सुशील गुप्ता, धीरेंद्र गुप्ता, राहुल दीक्षित, रामजी शुक्ला, कामिल अंसारी, अमित दोसर, अंकित मिश्रा, देवेंद्र गुप्ता, अभिषेक तिवारी, संजय त्रिवेदी, पवन दुबे, संतोष शर्मा, सीताराम गुप्ता, विराट गुप्ता, सक्षम गुप्ता, देवनाथ मिश्रा, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















