कानपुर। गोविंद नगर स्थित श्री हनुमान पार्क, ‘के’ ब्लॉक में शनिवार को के ब्लॉक परिवार सेवा समिति की ओर से श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी का 19वाँ वार्षिकोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूरा क्षेत्र “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से गूंज उठा।
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ श्री हनुमान जी के गंगाजल, दूध, दही आदि से विधि-विधानपूर्वक अभिषेक के साथ हुआ। इसके बाद प्रभु का भव्य श्रृंगार किया गया। आरती, पूजन और हवन के दौरान श्रद्धालुओं ने जनकल्याण, सुख-समृद्धि तथा परिवारों की खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात सुंदरकांड पाठ, श्री हनुमान चालीसा और भक्तिमय भजनों का आयोजन किया गया।
के ब्लॉक परिवार सेवा समिति के अध्यक्ष श्याम लाल मूल चंदानी ने पूर्व विधायक अजय कपूर और कोऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर को अंगवस्त्र और प्रतीक-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अन्य अतिथियों का भी रामनाम दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर सौरभ बाजपेयी, मनोज गुप्ता, सुनील अलवानी, अजय गुप्ता, भारत भूषण मेहता, संजय शुक्ला, सुधीर बाजपेयी, दुन्नी दीक्षित, मनोज श्रीवास्तव, हरविंदर सिंह, दीपक सिंह, विनय अग्रवाल, विभु द्विवेदी, धर्मेन्द्र गुप्ता, चंद्रभान मोहनानी, मनोज तलरेजा, मोहन कटारिया, महेश मनचंदा, लक्ष्मणदास, राजकुमार मोटवानी, बंटी सिधवानी, मनोज लालवानी, सुरेश कटारिया, गणेश बजाज, हरीश आहूजा, पुरषोत्तम लालवानी, दिनेश कटारिया, पूरण बजाज, बलराम कटारिया, विनोद मुरजानी, मुरारी लाल चुघ, नरेश फुलवानी, सुरेश धमेजा, बिहारी लाल, संजय चुघ, श्याम बिहारी अवस्थी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष श्याम लाल मूल चंदानी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ समाज में भक्ति, सेवा, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















