कानपुर। हंसपुरम नौबस्ता स्थित माँ गायत्री हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर ने अपनी चिकित्सीय सेवाओं के सफल 19 वर्ष पूरे कर लिए है, इस अवसर पर अस्पताल परिसर में भव्य समारोह और विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य राजनेताओं और वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अस्पताल के 19वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल, विधायक महेश त्रिवेदी, अभिजीत सिंह सांगा और नीलिमा कटियार उपस्थित रहीं। अस्पताल के प्रबंधक एवं भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. वी.के. साहू ने सभी विशिष्ट अतिथियों का पटका पहनाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। स्थापना दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए अस्पताल में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में लगभग 15 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं,इसमें मुख्य रूप से डॉ. योगेंद्र साहू, डॉ. सविता साहू, आलोक सचान और दिनेश कुमार मौजूद रहे। शिविर में आए सैकड़ों मरीजों को उचित परामर्श देने के साथ-साथ निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। अस्पताल के प्रबंधक डॉ. वी.के.साहू ने बताया कि माँ गायत्री हॉस्पिटल पिछले 19 वर्षों से निरंतर क्षेत्र की जनता को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने साझा किया कि “हमारे अस्पताल में सभी प्रकार की जटिल सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध हैं। हमारा उद्देश्य कम लागत में मरीजों को आधुनिक और बेहतर इलाज मुहैया कराना है। “चिकित्सीय शिविर के साथ-साथ अस्पताल की वर्षगांठ पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। यह आयोजन देर शाम तक जारी रहा, जिसमें मरीजों के परिजनों, स्थानीय निवासियों और राहगीरों सहित सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान अस्पताल का समस्त स्टाफ और कई सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















