सांसद ने अधिकारियों के साथ की विस्तृत समीक्षा, ड्रेनेज, अतिक्रमण एवं यातायात व्यवस्था के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश
कानपुर 1 जुलाई । कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने मंगलवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में रेलवे, रक्षा मंत्रालय (डिफेंस), नगर निगम, मेट्रो, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों ने वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, विभिन्न चरणों में चल रहे निर्माण कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी सांसद को दी। सांसद रमेश अवस्थी ने सभी परियोजनाओं की प्रगति का बिंदुवार अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद ने स्टेशन परिसर एवं आसपास की ड्रेनेज समस्या को गंभीरता से उठाया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव एवं निकासी से संबंधित समस्याओं का शीघ्र स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सांसद ने कैंट क्षेत्र से जीटी रोड तक अतिक्रमण एवं जाम की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि स्टेशन क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है और अव्यवस्थित यातायात एवं अतिक्रमण के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर उन्होंने पुलिस एवं रक्षा विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर सेंट्रल देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में से एक है और इसका पुनर्विकास कानपुर की पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परियोजना समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च स्तर की बनी रहे।
समीक्षा बैठक के उपरांत सांसद रमेश अवस्थी ने अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे कार्यों का बिंदुवार अवलोकन किया तथा आवश्यक तकनीकी एवं व्यवस्थागत सुधारों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, अनिल दीक्षित, मुख्य यातायात प्रबंधक अंकाशु गोविल, उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण) उत्कर्ष जायसवाल, कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ पी. डी. स्टीफन, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार सहित रेलवे, नगर निगम, पुलिस, मेट्रो, रक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट
कानपुर सेंट्रल के पुनर्निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा : सांसद रमेश अवस्थी


















