केडीकेएल शास्त्री इंटर कॉलेज के स्थापना दिवस महोत्सव के अवसर पर विद्यालय के लगभग 300 मेधावी विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कर-कमलों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हाई स्कूल की टॉपर अनन्या पांडे एवं आशुतोष तथा इंटरमीडिएट के टॉपर शिवम कुशवाहा विशेष रूप से सम्मानित किए गए। इंग्लिश मीडियम एवं हिंदी मीडियम की कुल 30 कक्षाओं के 90 विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय “एकेडमिक अचीवर” पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के 125 विद्यार्थियों तथा पूरे विद्यालय से चयनित 90 विद्यार्थियों को “आदर्श विद्यार्थी” के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। विद्यालय परिवार द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का माल्यार्पण एवं मोमेंटो भेंट कर भव्य स्वागत किया।
मुख्य अतिथि सतीश महाना ने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा विद्यालय को आगे बढ़ाने हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय कोऑर्डिनेटर व्यंजना द्वारा किया गया। विद्यालय के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य डॉ. के. के. वाजपेई ‘भारतीय’ ने नॉलेज ओरिएंटेड शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा, संस्कृति एवं अन्य सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पवन दीक्षित, रामकुमार तिवारी, सुनील तिवारी, ए. पी. त्रिवेदी, जे. पी. मिश्रा, नामदेव, महेश कुमार, मनोज सिंह भदौरिया, भोला मिश्रा, अनिरुद्ध त्रिपाठी आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही सैकड़ों की संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थिति रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















