कानपुर। वंचित समाज लोक कल्याण महासमिति राष्ट्रीय संगठन द्वारा रविवार को शहनाई गेस्ट हाउस, भनानापुरवा में सामाजिक भागीदारी महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं दलित चिंतकों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विधायक सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी सलिल विश्नोई सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक रविशंकर हबेलकर ने कहा कि वंचित समाज की आबादी के अनुपात में सरकार और राजनीतिक व्यवस्था में सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने वाल्मीकि एवं अन्य वंचित समाजों के लिए आयोग, निगम और बोर्डों में प्रतिनिधित्व, रिक्त पदों पर भर्ती, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान तथा सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में इन समाजों की भागीदारी नगण्य है, जिससे उपेक्षा की भावना बढ़ रही है।
सम्मेलन में अतिथियों का पगड़ी, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया तथा सरकार को 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के संगठन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















