कानपुर, बर्रा स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘उड़ान’ एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शुभम पटेल ( आई पी एस पुलिस अधीक्षक फॉर टेक्निकल सर्विस एंड साइबर) ने दीप प्रज्वलित कर किया। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा अयोध्या धाम,सेव अर्थ,सेव एनवायरनमेंट’,एटीएम मशीन,सोलर सिस्टम,वॉल्केनो सहित अनेक आकर्षक मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। वही दो छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कक्षा-द्वितीय के विद्यार्थियों अंकुर,जान्हवी,मान्या,शौर्य एवं काव्या ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने राजस्थानी घूमर एवं ‘रंगीला मारो ढोलना’ गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने पंजाबी संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी। विशिष्ट अतिथि अजय कपूर (पूर्व विधायक) ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि उन्हें अपने बच्चों के बारे में केवल चिंता नहीं,बल्कि उनके भविष्य के लिए सकारात्मक चिंतन करना चाहिए। बच्चों को लगातार प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पढ़ने की कोई उम्र नहीं होती यदि व्यक्ति में आत्मविश्वास हो,तो वह असंभव कार्य को भी संभव कर सकता है। इस मौके पर सम्माननीय अतिथि दीपेन्द्र नाथ चौधरी,डीसीपी साउथ कानपुर ने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों को समझाते हुए सभी से उनका पालन करने की अपील की। समारोह में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से डायरेक्टर शैलेन्द्र पटेल,मैनेजर गीता पटेल,ज्वाइंट डायरेक्टर शिप्रा पटेल,प्रधानाचार्य कीर्ति पासन व प्रतीक बाजपेई,मीडिया प्रभारी अशोक कुमार सहित विद्यालय के अन्य पदाधिकारी व अभिभावक गण उपस्थित रहे।
रजत तिवारी की रिपोर्ट


















