कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की गवर्निंग काउंसिल ने यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के आयोजन को मंजूरी दे दी है। इस बार टूर्नामेंट 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा और पहली बार इसके मुकाबले दो शहरों—लखनऊ और कानपुर में खेले जाएंगे। यह जानकारी परिषद के सदस्यों ने ग्रीन पार्क स्थित पार्क कैफे में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदान की।
यूपीसीए ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा बीसीसीआई के उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। परिषद का मानना है कि दो शहरों में आयोजन से प्रदेश में क्रिकेट के विकास, खेल अवसंरचना के बेहतर उपयोग और खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिलेंगे।
टूर्नामेंट में कुल 34 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मुकाबले शामिल हैं। पहला चरण लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जहां 22 मैच खेले जाएंगे। दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 12 मुकाबले होंगे। उद्घाटन मैच लखनऊ में जबकि फाइनल और समापन समारोह कानपुर में आयोजित किए जाएंगे।
24 जुलाई को आगरा में मिनी ऑक्शन होगा, जिसमें छह फ्रेंचाइजियों के लिए 45 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इस संस्करण में हर बाउंड्री पर पर्यावरण संरक्षण के तहत एक पौधा लगाने की पहल भी की जाएगी। खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















