कानपुर। थाना नवाबगंज क्षेत्र के बनियापुरवा ग्राम पंचायत में रविवार शाम एक ही ग्राम सभा के दो पक्षों के बीच छींटाकशी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी होने लगी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर कई घंटे तक हाईवे जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष एक ही जाति के हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है। अब तक पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट


















