कानपुर नगर। श्री वीरेश्वर सेवा समिति के तत्वाधान में वीरेश्वर धाम पीठाधीश्वर परम पूज्य श्री रुद्रेश्वर जी महाराज के अज्ञातवास से पुनः शहर आगमन पर कानपुर में भव्य स्वागत समारोह और गुरु पूजन कार्यक्रम का आयोजन नौबस्ता स्थित हवेली गार्डन में किया गया। सबसे पहले महाराज जी का ट्रेन द्वारा कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर आगमन हुआ, जहाँ सुबह से ही उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में शिष्य और भक्त एकत्रित दिखे। जैसे ही महाराज कानपुर सेंट्रल पहुंचे, भक्तों ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ उनका भव्य और भावपूर्ण स्वागत किया। कानपुर सेंट्रल से महाराज जी का काफिला सड़क मार्ग द्वारा रवाना हुआ, इस दौरान टाटमिल चौराहा, बाबू पुरवा चौराहा, किदवई नगर और हमीरपुर रोड स्थित हवेली गार्डन में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। हवेली गार्डन में श्री वीरेश्वर सेवा समिति द्वारा महाराज जी का विशेष अभिनंदन किया गया, जहाँ स्थानीय भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया। विभिन्न स्थानों पर स्वागत के बाद महाराज जी का काफिला व्याना सेन पश्चिम पारा के अंतर्गत घुरुवाखेड़ा स्थित श्री वीरेश्वर धाम आश्रम पहुंचा। आश्रम परिसर में विधि-विधान के साथ गुरु पूजन, धार्मिक अनुष्ठान और संतों का विदाई स्नान संपन्न हुआ। इसके उपरांत समिति द्वारा एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान श्री रुद्रेश्वर जी महाराज ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि अज्ञातवास की यह साधना जन-कल्याण, आत्म-शुद्धि और सनातन धर्म की ऊर्जा को और अधिक सुदृढ़ करने का एक माध्यम थी, आज पुनः आप सभी भक्तों के बीच लौटकर और आपका यह निश्चल प्रेम व अटूट श्रद्धा देखकर मन अत्यंत प्रफुल्लित है। ईश्वर की सच्ची भक्ति और गुरु के प्रति समर्पण ही मनुष्य के जीवन को सार्थक बनाता है। वीरेश्वर धाम का प्रत्येक भक्त सामाजिक समरसता, सेवा और सनातन संस्कारों को अपने जीवन में उतारे, यही हमारी मंगल कामना है। यह धाम हमेशा लोक-कल्याण और मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहेगा। इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री वीरेश्वर सेवा समिति के अध्यक्ष आयुष बाजपेयी और समिति के सभी सेवादारों का विशेष सहयोग रहा। स्वागत समारोह के दौरान वीरपाल सिंह चौहान ने महाराज जी के स्वागत मार्ग पर फूल बिछाकर एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
विकास अवस्थी, मुन्ना अवस्थी, सत्येंद्र सिंह चौहान, नीतिश सिंह चंदेल,सुनील कुशवाहा, कंचन सिंह, विजय सिंह, सेमत सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट



















