कानपुर। जाजमऊ से सर्किट हाउस जाने वाली वीआईपी रोड पर स्थित रही चौराहे के पास जलभराव ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश के बाद सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक खतरा दोपहिया वाहन चालकों के लिए बना हुआ है, क्योंकि पानी के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले करीब आठ फीट गहरा गड्ढा हो गया था, जिसने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग द्वारा स्थायी समाधान नहीं किए जाने के कारण आज भी सड़क की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जलकल विभाग और संबंधित एजेंसियों की लापरवाही के चलते जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप हर बारिश में सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने जनहित में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















