जरायम की दुनिया में खौफ का दूसरा नाम बनने की चाहत रखने वाले कुख्यात अपराधी गौरव जैन का खौफ सोमवार रात पुलिस की एक गोली के साथ ही खाक में मिल गया। चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां इलाके में सोमवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस और कुख्यात अपराधी गौरव जैन के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाश ने फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली गौरव के दाहिने पैर में जा लगी। घायल होकर सड़क पर गिरने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पिछले काफी समय से गौरव जैन की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। गौरव पर एक दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था। सोमवार रात करीब 9:00 बजे चकेरी पुलिस को अपने एक मुखबिर से सूचना मिली कि गौरव जैन अपनी स्कूटी से सनिगवां के मथुरापुर गांव के पास से गुजरने वाला है। सूचना पुख्ता थी, लिहाजा पुलिस ने बिना कोई वक्त गंवाए इलाके की घेराबंदी कर दी।
रात करीब 9:30 बजे जैसे ही गौरव जैन पुलिस के बिछाए जाल में फंसा, उसने खुद को चारों तरफ से घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ दो फायर झोंक दिए। फायर में सनिगवां चौकी इंचार्ज अनीश सिंह बाल-बाल बचे। अपनी
जान की परवाह किए बिना पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की एक सटीक गोली गौरव जैन के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह स्कूटी समेत वहीं गिर पड़ा।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एडीसीपी शिवा सिंह और डीसीपी सत्यजीत गुप्ता तुरंत मौके पर पहुंच गए। डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गौरव जैन एक बेहद शातिर किस्म का अपराधी और क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए वह अक्सर हिंसक घटनाओं को अंजाम देता था। गौरव की दहशत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसने अपनी बर्थडे पार्टी में सरेआम बमबाजी की थी। घटना के बाद चकेरी पुलिस ने उसकी हेकड़ी निकालने के लिए पूरे इलाके में उसका जुलूस निकाला था। पुलिस को उम्मीद थी कि इस फजीहत के बाद वह जरायम की दुनिया से तौबा कर लेगा, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आखिरकार पुलिस ने उसे लंगड़ा कर उसके अपराधों पर ब्रेक लगा दिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गौरव जैन के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है। एनकाउंटर में घायल होने के बाद गौरव को तुरंत पुलिस कस्टडी में कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है।
बताते चलें कि गौरव जैन पर पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















