Advertisement

माँ के नाम एक वृक्ष अभियान के अंतर्गत युवा उद्यमियों ने लिया संरक्षण का संकल्प

कानपुर नगर। दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र के चेयरमैन विजय कपूर की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में गठित कोआप.इन्ड.इस्टेट यूथ विंग के युवा उद्यमी सदस्य सामाजिक सरोकारों, जनहितकारी कार्यों तथा पर्यावरण संरक्षण के अभियानों के प्रति समर्पित हैं। औद्योगिक क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से यूथ विंग द्वारा समय-समय पर अनेक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, जिनमें युवा उद्यमियों की सक्रिय सहभागिता उल्लेखनीय रही है।
इसी क्रम में देश के  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए कोआप.इन्ड.इस्टेट यूथ विंग द्वारा औद्योगिक क्षेत्र स्थित ‘‘मलिक देशराज कपूर पार्क में एक प्रेरणादायी वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रत्येक युवा उद्यमी सदस्य ने अपनी मॉ के सम्मान में एक-एक फलदार पौधा रोपित किया तथा केवल वृक्ष लगाने तक ही सीमित न रहकर उसके संरक्षण, संवर्धन एवं नियमित देखभाल का व्यक्तिगत संकल्प भी लिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने यह संदेश दिया कि मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को हरित भविष्य प्रदान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर युवा उद्यमी कार्तिक कपूर ने कहा कि एक वृक्ष केवल पौधा नहीं, बल्कि जीवन, पर्यावरण, स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और आने वाले कल की सुरक्षा का आधार है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के नाम पर एक वृक्ष लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो देश को हरित एवं समृद्ध बनाने की दिशा में यह एक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित युवा उद्यमियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं। उद्योगों की प्रगति तभी सार्थक होगी जब हम प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का भी पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने इस अवसर पर युवा उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा अपनी माताओं के सम्मान में वृक्षारोपण करना भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण का अत्यंत सुंदर संगम है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्ष लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने सभी उद्यमियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनका संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करेंगे तथा भविष्य में भी औद्योगिक क्षेत्र को हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने हेतु निरंतर वृक्षारोपण अभियान चलाते रहेंगे।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कार्तिक कपूर, युवराज कपूर, आदित्य करीवाल, मयंक विज, निखिल खन्ना, समनदीप सिंह, विकल्प ओमर, विपुल ईसरानी, आकाश मेहदीरत्ता, आलोक त्रिपाठी, पुलकित सदाना, अमन अग्रवाल, अमान खान, अनीश कपूर, अंकुर नरूला, अफजाल अहमद, अजय सिंह, अंश कपूर, अर्पित अवस्थी, आशीष अग्रवाल, अतुल निगम, चिन्मय श्रीवास्तव, दीपक वोहरा, गौरव सेठी, हिमांशु जैसवाल, जगदम्बा विश्वकर्मा, कुश गुप्ता, माधव अग्रवाल, मो. खालिद, नितेश अरोड़ा, प्रभजोत सिंह, प्रखर शर्मा, रिषभ भाटिया, रोहन सबलोक, सक्षम बजाज, सौरभ कोडवानी, सौरभ विरमानी, शुभम सबलोक, सोनू मोटवानी, विकास गुप्ता, विकास सिंह, विशाल शर्मा उपस्थित रहे।

देवेश तिवारी की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh