Advertisement

नवंबर से नए आकर्षण के साथ शुरू होगा कानपुर बोट क्लब का संचालन

 

कानपुर नगर।

वर्षाकाल की समाप्ति के बाद कानपुर बोट क्लब का संचालन नवंबर माह से नए आकर्षणों और बेहतर सुविधाओं के साथ शुरू किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने तथा जलक्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा देने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

यह निर्णय कानपुर बोट क्लब समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता कानपुर बोट क्लब समिति के अध्यक्ष एवं आयुक्त, कानपुर मण्डल, कानपुर के. विजयेन्द्र पाण्डियन ने कैम्प कार्यालय में की।

बैठक में सचिव (प्रशासन) कानपुर बोट क्लब एवं अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कानपुर बोट क्लब जनपद की प्रमुख पर्यटन परियोजनाओं में से एक है। इसे और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से परिसर में कवर्ड एरिया सहित अन्य आवश्यक पर्यटन सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।

बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत आयुक्त ने निर्देश दिए कि बोट क्लब के संचालन हेतु चयनित फर्म से अतिरिक्त विकास योजनाओं के प्रस्ताव प्राप्त किए जाएं। उन्होंने गंगा नदी संरक्षण के सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करते हुए पर्यटकों के लिए नए आकर्षण विकसित करने तथा बोट क्लब एवं गंगा तट की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।

समिति के उपाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, केडीए अंकुर कौशिक ने सुझाव दिया कि वर्षाकाल में सुरक्षा की दृष्टि से बोटिंग गतिविधियां प्रतिबंधित रखी जाएं, लेकिन इस अवधि में भी पर्यटकों को गंगा नदी के प्राकृतिक सौंदर्य का सुरक्षित अनुभव कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जाए।

आयुक्त ने सचिव (इन्फ्रास्ट्रक्चर) एवं सचिव, केडीए को निर्देशित किया कि समग्र कार्ययोजना तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि वर्षाकाल के कारण 10 अक्टूबर तक प्रस्तावित बंदी के बाद नवंबर माह से कानपुर बोट क्लब का संचालन नए आकर्षणों और बेहतर सुविधाओं के साथ पर्यटकों एवं शहरवासियों के लिए प्रारंभ किया जा सके।

बैठक में सचिव, जलक्रीड़ा, कानपुर बोट क्लब नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन से हुई वार्ता के क्रम में नवंबर एवं दिसंबर माह में राज्य स्तरीय जलक्रीड़ा प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी योजना बनाई जा रही है।

बैठक में उपाध्यक्ष, केडीए, नगर आयुक्त, नगर निगम, सचिव, केडीए, अपर जिलाधिकारी (नगर), पुलिस उपायुक्त (यातायात), सचिव, जलक्रीड़ा, कानपुर बोट क्लब नीरज श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh