उग्र भीड़ का पुलिस पर भारी पथराव, चकेरी इंस्पेक्टर लहूलुहान और एक दरोगा घायल।
ससुरालियों की तुरंत गिरफ्तारी पर अड़े थे परिजन, पुलिस के लाठीचार्ज के बाद खुला हाईवे।
कानपुर के महाराजपुर इलाके में विवाहिता माला (32) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। ससुरालियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित मायके वालों और ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर चकेरी एयरपोर्ट जाने वाला रास्ते पर हाईवे जाम कर दिया।
जब चकेरी पुलिस मौके पर जाम खुलवाने पहुंची, तो भीड़ उग्र हो गई। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई तीखी नोकझोंक पथराव में बदल गई। इस हमले में चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्र के सिर में गंभीर चोट आई और एक दरोगा भी घायल हो गए। बेकाबू होते हालात को देखते हुए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज के बाद भीड़ तितर-बितर हुई और करीब एक घंटे बाद हाईवे का यातायात बहाल हो सका।
शनिवार को लालूपुर गांव निवासी माला का शव उसके ससुराल में फंदे से लटकता मिला था। मायके वालों का सीधा आरोप है कि पति मुन्ना निषाद और ससुरालियों ने प्रताड़ित कर उसकी हत्या की और शव को फंदे से लटका दिया। महाराजपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन परिजन तुरंत हत्या का मुकदमा दर्ज कर ससुरालियों को जेल भेजने की मांग पर अड़े थे, जिसके चलते यह बवाल हुआ।


















