कानपुर। ग्वालटोली खलासी लाइन स्थित हरिहरनाथ शास्त्री भवन में 6 सितंबर को बहुजन पार्टी, उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी बहुजन पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष मुन्ना हजारिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी, उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर प्रत्येक प्रांतीय पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष महानगर अध्यक्ष को अपने साथियों के साथ पहुंचना है। जो पदाधिकारी कार्यक्रम में नहीं पहुंचेंगे तो उनको निष्क्रियता के चलते पद मुक्त किया जा सकता है। सभी जिला अध्यक्ष मंडल अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष को भी आदेशित किया गया है कि अपनी कार्यकारिणी गठित कर पार्टी मुख्यालय से स्वीकृति प्राप्त करें। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी को गतिशील बनाने, सदस्यता अभियान चलाने तथा वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी खड़े किए जाने पर सभी के सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही बताया कि अक्टूबर एवं नवंबर में पार्टी का विशाल कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इस मुद्दे पर भी वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा की जाएगी। मुन्ना हजारिया ने यह भी कहा कि कानपुर मंडल सहित अन्य जिलों से आने वाले बहुजन पार्टी के नेताओं को कार्यक्रम स्थल पर ले जाने की व्यवस्था की जा रही है। निजी वाहनों, बसों एवं ट्रेनों से बहुजन पार्टी के लोग स्थापना दिवस में आने के लिए शामिल होंगे। स्थापना दिवस के प्रचार प्रसार के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी की जा रही है। बहुजन पार्टी के लोग दलित बस्तियों में पहुंचकर लोगों को स्थापना दिवस में आने का निमंत्रण दे रहे हैं, साथ ही कानपुर जिले के वरिष्ठ बहुजन नेताओं को भी स्थापना दिवस में बुलाया जा रहा है जो इस कार्यक्रम में अपने विचार रखेंगे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















