कानपुर, शुक्रवार।- समाजवादी पार्टी महानगर के संस्थापक अध्यक्ष एवं नगर निगम में पार्षद दल के पूर्व नेता स्व. हाजी सैय्यद महमूद की 29वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को महानगर में एक वृहद पीडीए सेमिनार का आयोजन किया गया। इस मौके पर सपा के 78 वार्डों के पदाधिकारियों, व्यापारियों, कामगारों, छोटे दुकानदारों, फ्रंट संगठनों और 470 मलिन बस्तियों के प्रमुख साथियों ने उन्हें याद करते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव मिन्टू ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद करते हुए सपा प्रदेश सचिव के.के. शुक्ल ने कहा कि सैय्यद महमूद साहब ने पार्टी को महानगर के 110 वार्डों के प्रत्येक बूथ पर मजबूती से खड़ा करने का काम किया था। माननीय मुलायम सिंह यादव के आह्वान पर उनके नेतृत्व में चलाए गए 15 दिवसीय ऐतिहासिक ‘हल्ला बोल’ आंदोलन की सफलता पर श्रद्धेय मुलायम सिंह जी ने उन्हें लखनऊ बुलाकर प्रदेश अध्यक्षों के सामने सम्मानित किया था। वक्ताओं ने बताया कि सैय्यद महमूद जी को नगर निगम एक्ट की इतनी गहरी जानकारी थी कि हाउस टैक्स के मामलों में तत्कालीन प्रशासक भी उनसे सलाह लिया करते थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा महानगर अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब यह सिद्ध कर रहा है कि 2027 में महानगर की पांचों विधानसभा सीटें जीतकर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्होंने घोषणा की कि सपा की सरकार बनने पर छात्राओं की स्नातक तक की शिक्षा पूरी तरह मुफ्त (फीस माफ) की जाएगी। साथ ही आवासहीन कामगारों को छत देकर सैय्यद साहब के सपनों को साकार किया जाएगा। इसके लिए सपा की युवा टीम प्रत्येक घर में जाकर दस्तक देगी।
शहर की नागरिक समस्याओं और महंगाई को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला गया। सपा महासचिव बंटी सेंगर ने कहा कि आज पूरे शहर में कूड़ा बजबजा रहा है और सड़कों पर हजारों गड्ढे हैं। सफाई का काम निजी हाथों (ठेके) में सौंप दिए जाने से शहर गंदगी से बेहाल है। उन्होंने वादा किया कि सपा की सरकार आने पर सफाई का कार्य ठेकेदारों से वापस लेकर सरकारी कर्मचारियों से कराया जाएगा। सेमिनार में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने महंगाई और बेरोजगारी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता के हितों पर ध्यान नहीं दे रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बढ़ते प्रभाव से घबराकर भाजपा अनर्गल बयानबाजी कर रही है और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















