कानपुर नगर। औद्योगिक नगरी कानपुर के मोतीझील स्थित लॉन नंबर 02 में श्री बांके बिहारी जी परिवार समिति द्वारा ‘प्रथम महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है, नौ दिनों तक चलने वाले इस भक्तिमय समागम में श्रीमद्भागवत कथा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और दिव्य झांकियों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव का विधि-विधान से शुभारंभ 8 फरवरी 2026 (रविवार) को होगा। प्रातः 9:00 बजे मलिक रेजिडेंसी होटल, 80 फिट रोड से एक भव्य कलश एवं पोथी यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंचेगी दोपहर 2:00 बजे से कथा का मंगलगान प्रारंभ होगा। इस अवसर पर दैनिक जागरण के चेयरमैन महेंद्र मोहन एवं महापौर प्रमिला पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। विश्व प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी (वृंदावन) अपने श्रीमुख से भक्तों को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे, महोत्सव में प्रतिदिन दिल्ली के सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा नृत्य नाटिका और मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। प्रतिदिन कथा के उपरांत ओम जय जगदीश मंडल द्वारा सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। महोत्सव का समापन 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर होगा प्रातः 9:00 बजे नैमिषारण्य के विद्वान आचार्यों द्वारा भव्य रुद्राभिषेक कराया जाएगा। दोपहर 2:00 बजे अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर विशाल भजन संध्या होगी, जिसमें कोलकाता के विवेक शर्मा, दिल्ली की रितु पांचाल और कानपुर के कृष्ण कुमार तुलस्यान (पट्टू भैया) जैसे दिग्गज कलाकार अपनी सुमधुर आवाज से भक्तों को सराबोर करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान समिति के संजय गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, पंकज वर्मा, राम किशन अग्रवाल, विनोद मोरारका, अनुपम अग्रवाल, स्वरूप निगम, राजीव अग्रवाल, अजय अग्रवाल और विजय पाल सहित अन्य पदाधिकारी व सेवादार मौजूद रहे।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















