राधिका अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, 8 लोगों को रेस्क्यू कर निकाला; 15 वर्षीय किशोर समेत महिला की मौत
कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के करीब 4:54 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से बिल्डिंग में कई लोग फंस गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है।
पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से लगी आग
प्रारंभिक निरीक्षण में ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से आग लगने की बात सामने आई है। आग सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। जांच में बिल्डिंग में पर्याप्त आपातकालीन निकास की व्यवस्था भी नहीं मिली।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक कुमार ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जिम्मेदार बिल्डर और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। केडीए के साथ मिलकर अनधिकृत और असुरक्षित इमारतों को चिह्नित कर सील करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
के.के साहू की रिपोर्ट


















