Advertisement

 वोटर लिस्ट की शुद्धता का सवाल: खाकी भी सीखी स्वगणना का पाठ, 1 जनवरी 2027 को 18 के होने वाले युवा भी बनेंगे मतदाता

लोकतंत्र की नींव मतदाता सूची पर टिकी होती है, और नींव जितनी पक्की, इमारत उतनी मज़बूत। इसी सोच के साथ 17 नवंबर से शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान को लेकर कानपुर में खाकी भी “पढ़ाई” में जुट गई है। पुलिस आयुक्त सभागार में आज 300 से अधिक पुलिसकर्मियों को स्वगणना पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में पुलिसकर्मियों के मन में उठ रहे सवालों के जवाब दिए गए। उन्हें बताया गया कि स्वगणना कैसे करनी है, पोर्टल पर कैसे जाना है, कौन-से कॉलम भरना ज़रूरी है और कौन-से सवाल वैकल्पिक हैं। यानी “आधी-अधूरी जानकारी” के भरोसे नहीं, पूरी तैयारी के साथ।

एडीसीपी महिला अपराध स्नेहा तिवारी ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि स्वगणना के सभी प्रश्न अनिवार्य नहीं हैं, मगर कुछ ज़रूरी प्रश्नों के उत्तर देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इतना ही नहीं, 2027 की आगामी अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष के होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। यानी अब “उम्र पूरी होने का इंतज़ार” नहीं, पहले से तैयारी की सुविधा है।

मतदाताओं की सहूलियत के लिए भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल एप का भी ज़िक्र हुआ। एडीसीपी ने बताया कि इस एप के ज़रिए लोग घर बैठे मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। एप पर संबंधित बीएलओ, मतदान केंद्र और निर्वाचन से जुड़ी अन्य जानकारी भी उपलब्ध है। ज़रूरी फॉर्म ऑनलाइन भरे जा सकते हैं, और जिन्हें ऑनलाइन में दिक्कत हो, वे अपने बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ईसीआईनेट एप डाउनलोड करने की अपील की।

एडीसीपी स्नेहा तिवारी ने मतदाता सूची की शुद्धता और जनभागीदारी में कानपुर नगर को प्रदेश में अग्रणी बनाने का संकल्प भी दोहराया।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
WhatsApp Image 2026-10-20 at 13.45.07
nsingh