कानपुर। छावनी क्षेत्र के छवीलेपुरवा स्थित आजाद पार्क के पास गाय की गला काटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आने से इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता और हिंदूवादी संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस ने आनन-फानन में गौवंश के शव को गाड़ी में लदवाकर पन्नी से ढक दिया और छावनी परिषद के टेंचिंग ग्राउंड में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दफनाने की तैयारी शुरू कर दी।
इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने शव को दफनाने की कार्रवाई रुकवा दी और घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि बिना लिखित अनुमति के पोस्टमार्टम भी करा दिया गया, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
सूचना पर कैंट एसीपी प्रियंका बाजपेई मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और गाय के शव को दफन करवाया। साथ ही लोगों को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दो संदिग्ध हिरासत में, चौकी प्रभारी निलंबित
मामले की जानकारी पर पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रकरण में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फेथफुलगंज चौकी प्रभारी विकास शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि आजाद पार्क के आसपास पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसी वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। घटना ने क्षेत्र की पुलिस निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















