Advertisement

19 नवंबर से 7 दिसंबर तक चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, पात्र व्यक्ति अवश्य करें दवा का सेवन

 

 

कानपुर नगर। जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों को अवगत कराया है कि फाइलेरिया, जिसे आम बोलचाल की भाषा में हाथीपांव कहा जाता है, एक गंभीर बीमारी है। इसके उन्मूलन के लिए जनपद में 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को छोड़कर अन्य सभी पात्र व्यक्ति दवा का सेवन करें।

उन्होंने बताया कि फाइलेरिया के कारण हाथ-पैर में असामान्य सूजन आ सकती है, जिसे आमतौर पर हाथीपांव कहा जाता है। इस बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय निर्धारित दवा का नियमित सेवन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा का सेवन स्वास्थ्य कर्मियों के सामने ही करें और उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के चार ब्लॉक बिधनू, बिल्हौर, ककवन एवं चौबेपुर में विशेष रूप से यह अभियान संचालित किया जाएगा। इन क्षेत्रों में समय-समय पर फाइलेरिया के मामले सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीमारी के उन्मूलन के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें, स्वयं दवा का सेवन करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें। यदि किसी व्यक्ति के संज्ञान में फाइलेरिया से प्रभावित कोई अन्य व्यक्ति आता है तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को अवश्य दें।

आइए, सामूहिक प्रयास से जनपद कानपुर नगर को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सहभागी बनें।

देवेश तिवारी की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
WhatsApp Image 2026-10-20 at 13.45.07
nsingh