कानपुर। श्री महाराजा अग्रसेन वंशज सभा द्वारा आयोजित 29वां सामूहिक विवाह समारोह मंगल भवन ब्रजेन्द्र स्वरुप पार्क में आयोजित कराया गया। भव्य आयोजन में 11 जोड़ों का विवाह एक साथ संपन्न कराया गया। लाल जोड़े में सजी दुल्हनें शहनाइयों व ढोल ताशों की धुनों पर शर्माते – सकुचाते हुए मंच पर पहुंची। समारोह में सभी दूल्हे एक जैसे सूट, साफा और कलगी से सजे नजर आए, वहीं दुल्हनें भी एक रंग के लहंगों में सुसज्जित थीं। महिला समिति की सदस्याओं ने दुल्हनों को जयमाला के लिए मंच तक लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सभी जोड़ों को सभा की ओर से सोने की नथ, चांदी की पायल, बिछिया, अनवट से लेकर फ्रिज, एलईडी टीवी, पलंग, ड्रेसिंग टेबल, कूलर, अलमारी जैसे करीब 125 उपयोगी उपहार दिए गए। समारोह में करीब दो हजार लोगों ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभा के पदाधिकारियों ने सभी नवदंपत्तियों को वैवाहिक प्रमाण पत्र प्रदान किया और तिलक लगाकर भावुक माहौल में विदाई दी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महापौर प्रमिला पांडेय, संयोजक आलोक अग्रवाल, उमेश चंद्र अग्रवाल, विजय अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, विवेक गर्ग, राजेंद्र अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, विदित अग्रवाल, सरवन अग्रवाल, बबिता अग्रवाल, निषी गर्ग, संध्या अग्रवाल, सुमन गर्ग, कनिष्का अग्रवाल, शिल्पी अग्रवाल मौजूद रहे
आमिर सोलंकी की रिपोर्ट



















