कानपुर नगर
महाशिवरात्रि को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी सिलसिले में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर पहुंचे और वहां की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने साफ कहा कि महाशिवरात्रि पर भारी भीड़ आएगी, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी इंतजाम पहले से दुरुस्त रहें।
डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिए कि सफाईकर्मियों की ड्यूटी ठीक से लगाई जाए और रोज उसकी निगरानी हो। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में खास सफाई अभियान चलाया जाए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुरुष और महिलाओं की अलग-अलग लाइन बनाई जाए और मजबूत बैरिकेडिंग की जाए। साथ ही, रास्ता बताने वाले साइन बोर्ड भी साफ और सही जगह लगाए जाएं।
उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइट तुरंत ठीक कराने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त लाइट लगाने को कहा। डीएम ने कहा कि पर्व के दौरान रातभर आवाजाही रहेगी, इसलिए कहीं अंधेरा या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
पार्किंग, पीने के पानी, अस्थायी शौचालय और भीड़ नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के भी निर्देश दिए गए। मंदिर प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर प्रशासन और प्रबंधन के बीच तालमेल से काम करने पर जोर दिया गया।
डीएम ने यह भी कहा कि जिले के बाकी प्रमुख शिव मंदिरों में भी इसी तरह की तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और एक कंट्रोल रूम बनाया जाए, जहां नगर निगम, पुलिस, बिजली विभाग और जल संस्थान के अधिकारी मौजूद रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट



















