कुलदीप की फिरकी से सहम जाएगा पाकिस्तान।
कोच कपिल पाण्डेय बोले- कल कुलदीप का कहर देखेगी दुनिया, पाकिस्तान को चटाएंगे धूल।
आईसीसी टी20 विश्वकप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत और पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मैच से पहले भारतीय खेमे का जोश सातवें आसमान पर है। कानपुर में कुलदीप यादव के बचपन के कोच और मेंटर कपिल पाण्डेय ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि इस मैच में कुलदीप की चाइनामैन गेंदबाजी पाकिस्तान के लिए मुसीबत का सबब बनेगी।
कपिल पाण्डेय ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा, कुलदीप यादव के कहर से पाकिस्तानी टीम सहमी हुई नजर आएगी। उनकी फिरकी और विकेट लेने की क्षमता मैच का रुख पलट देगी। उन्होंने न केवल पाकिस्तान के खिलाफ जीत का दावा किया, बल्कि यह भी कहा कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम इस बार विश्वकप का खिताब अपने नाम करेगी।
कोच ने भारतीय टीम के संतुलन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ईशान किशन, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या जैसे बल्लेबाज और बुमराह, वरुण चक्रवर्ती व अक्षर पटेल जैसे गेंदबाज किसी भी विरोधी टीम को ध्वस्त करने का दम रखते हैं। गौरतलब है कि यह अहम मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आज शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















