कानपुर नगर।
कलेक्ट्रेट का जनदर्शन कक्ष शुक्रवार को उस समय अलग ही दृश्य का साक्षी बना, जब स्वामी विवेकानंद विद्यालय, लोधर मंधना के छात्र-छात्राएं जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे। हाथों में गुलाब और चेहरों पर उत्साह लिए बच्चे उस वादे के लिए धन्यवाद कहने आए थे, जो कुछ सप्ताह पहले किया गया था और निभाया भी गया।
कक्षा पांच की अर्पिता, कक्षा छह के अनुराग, कक्षा तीन की दिव्या और कक्षा पांच की आरशी ने आगे बढ़कर “डीएम अंकल” को गुलाब का फूल भेंट किया। औपचारिक वातावरण में बच्चों की सहज मुस्कान ने पल भर में आत्मीयता घोल दी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों से यात्रा के अनुभव पूछे। कौन-कौन से झूले चले, भारत दर्शन देखा या नहीं, डायनासोर कैसा लगा। बच्चे एक-दूसरे से आगे बढ़कर अपने अनुभव साझा करते रहे। सभी बच्चों के लिए यह पहला अवसर था जब वे ब्लू वर्ल्ड घूमने गए थे।
दरअसल 13 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी विद्यालय में आयोजित विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान मेले के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान बच्चों ने उनसे ब्लू वर्ल्ड घूमने की इच्छा जताई थी। उस समय किया गया अनुरोध औपचारिक आश्वासन बनकर नहीं रह गया। 13 फरवरी को विद्यालय के 120 छात्र-छात्राओं को भ्रमण पर भेजा गया।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर बच्चों ने केवल धन्यवाद नहीं कहा, बल्कि यह भी जताया कि उनके लिए वह दिन यादगार रहा। प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच यह मुलाकात कुछ अलग थी, जहां फाइलों की जगह फूल थे और औपचारिकताओं की जगह उत्साह।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट



















