Advertisement

पुरानी रंजिश में युवक को मौत के घाट उतारने की कोशिश

कानपुर

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां इलाके में रहने वाले एक पेंटर पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किया गया। बदमाशों ने युवक को घेरकर चाकू से एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, अहिरवां निवासी गंगाहीन का 20 वर्षीय बेटा सुनील कटेरिया पेशे से पेंटर है। सुनील के भाई राघवेंद्र ने बताया कि शुक्रवार शाम संजीव नगर निवासी रॉकी ने सुनील को मिलने के बहाने फोन करके बुलाया था। सुनील अपने भाई के साथ बाइक से संजीव नगर पहुँचा। जैसे ही वह वहाँ पहुँचा, रॉकी और उसके साथी दद्दू ने उसे बाइक से उतरने का मौका भी नहीं दिया और मारपीट शुरू कर दी।
हमले के दौरान राघवेंद्र अपनी जान बचाकर वहाँ से भागा और मदद के लिए चिल्लाया। इसी बीच रॉकी ने चाकू निकाल लिया और सुनील पर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगा। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सुनील पर एक दर्जन से अधिक बार चाकू चलाने की कोशिश की। बचाव के बावजूद सुनील को शरीर में पांच जगहों पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल सुनील ने अस्पताल में बताया कि उसकी रॉकी से रंजिश करीब छह महीने पुरानी है। उस समय फोन पर गाली-गलौज को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और मारपीट हुई थी। तब से ही रॉकी मन में रंजिश पाले बैठा था और शुक्रवार को उसने बदला लेने की नीयत से सुनील को जाल बिछाकर बुलाया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सुनील को उसके भाई ने तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पीड़ित के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh