Advertisement

गरीब परिवार चलाने वाले चाय का होटल जलकर हुआ खाक

कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक चाय के होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पा लिया। इस घटना में दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि एक युवक की सूझबूझ से गाय, बछड़ा और गैस सिलेंडर सुरक्षित निकाल लिए गए।

ताड़बगिया निवासी 65 वर्षीय शिवकली पाल ने बताया कि वह अपने पति रामशंकर पाल के साथ मिलकर इलाके में ही चाय का होटल चलाती हैं। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर वह घर लौट गई थीं। देर रात 12:30 बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान आग की लपटों से घिरी हुई थी।

शिवकली के अनुसार, दुकान में गैस सिलेंडर, एक गाय और उसका बछड़ा बंधा था। आग से दुकान और 5,000 रुपये से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने इलाके के एक युवक पर आग लगाने का संदेह जताया है। शिवकली ने आरोप लगाया कि 20 दिन पहले उस युवक ने दुकान खाली करने की धमकी दी थी। जाजमऊ पुलिस और एक दमकल टीम ने 20 मिनट के भीतर आग पर नियंत्रण पा लिया।

शिवकली ने यह भी बताया कि उनके पति जानवरों के कारण अक्सर दुकान में ही सो जाते थे। शुक्रवार को भी दुकान बंद करते समय वह वहीं सोने की जिद कर रहे थे, लेकिन शिवकली उन्हें अपने साथ घर ले गईं। उन्होंने कहा कि यदि उनके पति दुकान में होते तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

मोहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh