Advertisement

रूमा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: कंटेनर की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत, दो घायल

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रूमा के पास कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के एक कंटेनर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक शैलेंद्र (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, महाराजपुर के रामनगर गांव निवासी ट्रैक्टर चालक शैलेंद्र अपने साथी पंकज, जो पताखेड़ा गांव का निवासी है, के साथ कानपुर में ईंट उतारकर भट्ठे की ओर लौट रहा था। इसी दौरान महाराजपुर के रूमा के पास कानपुर से फतेहपुर की ओर जा रहे एक कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर पलट गया।

महाराजपुर पुलिस ने बताया कि कंटेनर चालक रतनलाल की टक्कर से ट्रैक्टर पलटा। इसी बीच, पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एनएचएआई और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

मोहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh