कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कोचिंग पढ़ने जा रही 9वीं की छात्रा को मौरंग से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से रौंद दिया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा ने हैलट अस्पताल ले जाते समय एम्बुलेंस में दम तोड़ दिया। घटना के बाद गुस्साए राहगीरों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतका शुभांगी (14) जाजमऊ की जेके कॉलोनी में परिवार के साथ रहती थी और 9वीं की छात्रा थी। उसके मामा उमेश के मुताबिक शुभांगी सोमवार शाम साइकिल से हरजिंदर नगर स्थित कोचिंग जा रही थी। जैसे ही वह जेके चौराहे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे मौरंग से लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि छात्रा सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद छात्रा दर्द से चीखती रही और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने दौड़कर ट्रैक्टर रुकवाया और घायल छात्रा को संभाला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हैलट रेफर कर दिया। हैलट ले जाते समय रास्ते में ही छात्रा ने एम्बुलेंस में अंतिम सांस ले ली।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। राहगीर रवि और सत्यम ने बताया कि चालक ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि चालक नशे में ट्रैक्टर दौड़ा रहा था। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया। हालांकि पुलिस ने अभी चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना पर जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















