कानपुर नगर। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान की उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद (NIRC) के तत्वावधान में एवं कानपुर चैप्टर की मेजबानी में दिनांक 19 जुलाई 2026 को द प्रिस्टीन, कानपुर में “उत्तर प्रदेश राज्य सम्मेलन–2026” का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन की थीम “Company Secretary – Nurturing UP’s Corporate Landscape: From Purvanchal to NCR” रही, जिसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में कंपनी सचिवों एवं प्रोफेशनल्स ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रमेश कुमार पाल, ICLS, सहायक रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज, कानपुर, कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय, भारत सरकार रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में बदलते कॉरपोरेट एवं नियामकीय परिवेश में कंपनी सचिवों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए प्रोफेशनल्स को उच्च स्तर के कॉरपोरेट गवर्नेंस एवं अनुपालन मानकों को स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
आईसीएसआई-एनआईआरसी के चेयरपर्सन सीएस संतोष पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिक एवं कॉरपोरेट गतिविधियों के तेजी से विस्तार के साथ कंपनी सचिवों की भूमिका और अधिक व्यापक हो रही है। उन्होंने कहा कि “From Purvanchal to NCR” की अवधारणा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में प्रोफेशनल अवसरों की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाती है। उन्होंने सदस्यों से नए क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता विकसित कर कॉरपोरेट एवं आर्थिक विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
सम्मेलन के प्रथम तकनीकी सत्र में आईसीएसआई के पूर्व अध्यक्ष सीएस नेसार अहमद ने “Art of Representation before Tribunals and Quasi-Judicial Bodies” विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने ट्रिब्यूनल एवं अर्ध-न्यायिक प्राधिकरणों के समक्ष प्रभावी प्रतिनिधित्व के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल, विषय की गहन तैयारी, तथ्यों की स्पष्ट प्रस्तुति एवं प्रभावशाली तर्कों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
द्वितीय तकनीकी सत्र में आईसीएसआई के पूर्व अध्यक्ष के पार्टनर सीएस रंजीत पांडे ने “Corporate Restructuring, its Technicalities and Recent Reforms” विषय पर कॉरपोरेट पुनर्गठन की तकनीकी बारीकियों एवं हालिया सुधारों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बदलते व्यावसायिक परिवेश में पुनर्गठन की आवश्यकता तथा इस क्षेत्र में कंपनी सचिवों के लिए उपलब्ध बढ़ते व्यावसायिक अवसरों पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में “Various Opportunities for Company Secretaries, Ways to Explore and Deal with Challenges” विषय पर विशेष पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें सीएस अजय पांडे, सीएस अनिल कुमार एवं सीएस अजय जायसवाल ने कंपनी सचिवों के लिए उभरते अवसरों, टियर-2 एवं टियर-3 शहरों में प्रोफेशनल प्रैक्टिस की संभावनाओं तथा व्यावसायिक चुनौतियों से निपटने के विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव साझा किए। पैनल चर्चा का संचालन सीएस मनोज कुमार यादव ने किया।
कानपुर चैप्टर के चेयरमैन सीएस आशीष बंसल ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य सम्मेलन प्रदेश के कंपनी सचिवों को एक साझा मंच प्रदान करने तथा उनके ज्ञान एवं व्यावसायिक कौशल को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। चैप्टर की सचिव सीएस जागृति मिश्रा ने कहा कि बदलते कॉरपोरेट परिदृश्य में कंपनी सचिवों के लिए पारंपरिक अनुपालन से आगे बढ़कर कॉरपोरेट पुनर्गठन, एडवोकेसी, प्रतिनिधित्व एवं रणनीतिक सलाह जैसे क्षेत्रों में व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। इस प्रकार के सम्मेलन प्रोफेशनल्स को नए अवसरों को पहचानने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी मंच संचालन सीएस ईशा कपूर द्वारा किया गया। इस अवसर पर आईसीएसआई-एनआईआरसी के वाइस-चेयरपर्सन एवं कार्यक्रम निदेशक सीएस अवनीश श्रीवास्तव, सचिव सीएस राहुल शर्मा तथा कोषाध्यक्ष एवं पीडीपी कमेटी की चेयरपर्सन सीएस मनप्रीत सिंह सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में कंपनी सचिव एवं प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















